नूंह में आज से तब्लीगी जमात का तीन दिवसीय जलसा शुरू, 5 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद

नूंह (हरियाणा): हरियाणा के नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका में शनिवार से तब्लीगी जमात का भव्य इस्लामी जलसा शुरू हो रहा है, जिसमें दुनियाभर से आए करीब 5 लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। यह जलसा 19 अप्रैल से 21 अप्रैल तक चलेगा। इस धार्मिक आयोजन में मौलाना हजरत साद खुद शिरकत करेंगे।
जलसे की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन से लेकर आयोजन कमेटी तक सभी ने मिलकर बड़े स्तर पर इंतजाम किए हैं। करीब 20 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में टेंट लगाए गए हैं, जहां बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाएं, दमकल, पार्किंग और सुरक्षा जैसे सभी जरूरी प्रबंध किए गए हैं।
बीफ बिरयानी पर रोक, दिशा-निर्देश सख्त
इस बार वक्फ कानून विवाद के बीच हो रहे जलसे को लेकर सुरक्षा और अनुशासन के खास इंतजाम किए गए हैं। आयोजन समिति ने साफ निर्देश दिया है कि बीफ बिरयानी पर पूरी तरह से रोक रहेगी। साथ ही, गलत पार्किंग या अवरोध पैदा करने वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी — चालान से लेकर वाहन इम्पाउंड तक।
प्रशासन भी मुस्तैद
एसडीएम लक्ष्मी नारायण की निगरानी में सभी विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पीने के पानी, 24 घंटे बिजली आपूर्ति, रास्तों से अतिक्रमण हटाना और आपात स्थिति में दमकल सेवाएं मुहैया कराने जैसे कई निर्देशों पर अमल हो रहा है। जलसे की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग भी पूरी तरह तैयार है।
अंतिम दिन अमन-शांति की दुआ
21 अप्रैल को जलसे के अंतिम दिन देश में अमन, शांति और तरक्की की दुआ की जाएगी। इस्लामी शिक्षाओं पर आधारित इस जलसे का उद्देश्य लोगों को अच्छाई के रास्ते पर चलने और समाज में शांति फैलाने की प्रेरणा देना है।
तब्लीगी जमात: एक नजर में
1926 में दिल्ली के निजामुद्दीन में स्थापित तब्लीगी जमात का मकसद इस्लाम का प्रचार-प्रसार है। इसके संस्थापक मौलाना इलियास कांधलवी थे और आज यह जमात 150 से अधिक देशों में सक्रिय है।
