Breaking NewsCrime NewsMumbai

मुंबई पुलिस में खलबली : हवलदार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, 4 दिनों में दूसरी घटना

मुंबई पुलिस विभाग में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। विभाग के एक पुलिसकर्मी ने आत्महत्या कर ली है। घटना दहीहंडी के दिन घटी, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का नाम मुकेश देव (45 वर्ष) है, जो मुंबई पुलिस बल में हवलदार के पद पर कार्यरत थे।

जानकारी के अनुसार, मुकेश देव मुंबई सशस्त्र पुलिस बल में तैनात थे और अंधेरी पूर्व स्थित आगरकर बस डिपो के पास पुलिस कॉलोनी में रहते थे। शनिवार दोपहर, जब शहर में दहीहंडी का उत्सव चल रहा था, उसी समय उन्होंने अपने घर में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें कूपर अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुंबई पुलिस ने इस मामले में अंधेरी पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है।

गौरतलब है कि पिछले चार दिनों में मुंबई में यह दूसरी घटना है जब किसी पुलिसकर्मी ने आत्महत्या की है। इससे पुलिस विभाग में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जांच इस बात की भी हो रही है कि क्या इन दोनों घटनाओं का आपस में कोई संबंध है।

इस घटना से पुलिस कॉलोनी और पूरे विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर मुकेश देव ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button