बारिश के साथ आसमान से उतरी मौत: चलती बस पर गिरा पेड़, 2 महिला टीचर समेत 5 का दर्दनाक अंत

यूपी के बाराबंकी जिले में शुक्रवार सुबह भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर हरख राजा बाजार के पास तेज बारिश के दौरान एक चलती बस पर अचानक पेड़ गिर गया। इस हादसे में दो महिला टीचर, बस चालक समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। बस में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
जानकारी के अनुसार, मृतकों में एक महिला शिक्षक प्राथमिक विद्यालय कादीपुर में तैनात थीं। एक अन्य महिला शिक्षक और बस चालक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। हादसे में घायल एक महिला यात्री ने बताया कि वह भी टीचर हैं और सभी शिक्षक अपने-अपने स्कूल के लिए जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक, आर्थिक सहायता की घोषणा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं और घायलों के शीघ्र इलाज एवं स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
बारिश ने बिगाड़ा जनजीवन
बाराबंकी में सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति है, सीवर का पानी सड़कों पर बहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सिरौली गौसपुर, कोटवा धाम और आसपास के क्षेत्रों में भी सुबह से झमाझम बारिश जारी है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित है।
