औरंगाबाद: मदरसों को अनुदान न मिलने से बंद होने का खतरा, अल्पसंख्यक समाज ने की तत्काल वितरण की मांग

औरंगाबाद शहर व जिले के कई अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों के मदरसों को सरकार की ओर से अनुदान अब तक वितरित नहीं किया गया है। इसको लेकर महाराष्ट्र सरकार और अल्पसंख्यक आयुक्त को मदरसा छात्रों की ओर से ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में विशेष तौर पर बताया गया कि मुस्लिम समाज के विद्यार्थी, छात्राएं, संस्था संचालक और मदरसा प्रबंधक अनुदान न मिलने के कारण गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं। इनमें बिजली बिल का भुगतान, पानी की समस्या और किराये पर चल रही शालाओं का किराया चुकाने में कठिनाई जैसी समस्याएं शामिल हैं। इन हालातों के चलते कई मदरसों के बंद होने का खतरा मंडरा रहा है।

इस पर अल्पसंख्यक आयुक्त को अनुरोध किया गया कि औरंगाबाद शहर व जिले के मदरसों को तत्काल अनुदान वितरित कर आर्थिक राहत दी जाए।
इस मौके पर समाजसेवक साजिद पटेल, जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अनीस पटेल, शहर जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोईन इनामदार, युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव शोएब अब्दुल्ला, अल्पसंख्यक शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष सैय्यद फराज आबेदी, शेख फैजान आदि उपस्थित रहे।
