Breaking NewsCrime NewsMaharashtra

उस्मानाबाद में खौफनाक मर्डर: पिता को बचाने आए बेटे ने की युवक की कोयते से हत्या, 17 बार किया हमला, CCTV में कैद हुई वारदात

बीड जिले में अपराधियों ने उत्पात मचाया है, तो वहीं पड़ोसी उस्मानाबाद जिले के नलदुर्ग में एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। यह हत्या नलदुर्ग बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल के सामने हुई, जहां दो लोगों के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। इस दौरान एक युवक ने अपने पिता को बचाने के लिए सामने वाले युवक की कोयते से बेरहमी से हत्या कर दी। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

घटना मंगलवार रात उस्मानाबाद के शिवराज होटल के सामने की है। मृतक की पहचान पप्पू सुरवसे के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पप्पू सुरवसे होटल के सामने खड़ा था और किसी व्यक्ति से बातचीत कर रहा था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी बीच पप्पू ने धारदार हथियार निकालकर सामने वाले व्यक्ति को धमकाना शुरू किया और उस पर हमला करने की कोशिश की।

इसी दौरान उस व्यक्ति का बेटा सोहम गायकवाड कोयता लेकर दौड़ता हुआ आया और पप्पू सुरवसे की गर्दन पर जोरदार वार कर दिया। इस हमले से सुरवसे मौके पर ही गिर गया। भीड़ ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह गालियां देता रहा और लोगों को पीछे धकेलते हुए जमीन पर गिरे पप्पू के चेहरे और गर्दन पर लगातार वार करता रहा।

इस हमले में पप्पू सुरवसे की मौके पर ही मौत हो गई। चौंकाने वाली बात ये है कि आरोपी युवक ने मृतक की छाती पर पैर रखकर कुछ कहा और फिर वहां से चला गया। CCTV फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी ने सुरवसे पर कुल 17 बार हमला किया।

घटना की जानकारी मिलते ही नलदुर्ग पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में टीमें रवाना कर दी गई हैं।

प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे और यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और नलदुर्ग थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस घटना के बाद पूरे नलदुर्ग और उस्मानाबाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग सहमे हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button