Breaking NewsUttar Pradesh

वेज थाली में खुद डाली हड्डी, धर्म भ्रष्ट’ का झूठा ड्रामा! CCTV में पकड़ी गई युवकों की साजिश

उत्तर प्रदेश: रखपुर शहर के चर्चित ‘बिरयानी बे’ रेस्टोरेंट एक बार फिर विवादों में है, लेकिन इस बार सच्चाई कुछ और ही सामने आई है। बीते गुरुवार रात हुए विवाद का एक नया CCTV फुटेज सामने आया है, जिसने पूरे घटनाक्रम की असलियत उजागर कर दी है।

गुरुवार की रात करीब 12 से 13 युवक रेस्टोरेंट में पहुंचे थे। उन्होंने वेज और नॉन-वेज दोनों तरह की थालियों का ऑर्डर किया। खाना सर्व होने के बाद एक युवक ने वेज थाली में हड्डी मिलने का आरोप लगाते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। युवक ने रेस्टोरेंट पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और सावन के महीने में “धर्म भ्रष्ट” करने का गंभीर आरोप लगाया। इस दावे से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई।

लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल उलट निकली। रेस्टोरेंट संचालक रविकर सिंह द्वारा जारी किए गए CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक युवक खुद नॉनवेज प्लेट से हड्डी उठाकर अपने साथी की वेज थाली में डालता है — और उसी के बाद जानबूझकर हंगामा खड़ा किया गया।

पहले भी हो चुका है विवाद

यह पहली बार नहीं है जब ‘बिरयानी बे’ रेस्टोरेंट को निशाना बनाया गया हो। इससे पहले भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वेज बिरयानी में हड्डी मिलने का आरोप लगाया गया था। उस समय भी काफी बवाल हुआ था, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिले थे।

रेस्टोरेंट संचालक रविकर सिंह ने कहा, “हम सालों से निष्ठा के साथ शुद्ध और अलग-अलग रसोई में वेज-नॉनवेज भोजन तैयार करते हैं। यह सब साजिशन किया गया ताकि हमारी प्रतिष्ठा धूमिल हो और बिल का भुगतान न करना पड़े।”

पुलिस ने लिया एक्शन

हंगामा बढ़ता देख रेस्टोरेंट संचालक ने पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज देखा, तो सच्चाई सामने आ गई। फुटेज में युवकों की चालाकी पकड़ी गई। पुलिस ने तत्काल सभी आरोपियों को मौके से हटाया और अब उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

रविकर सिंह ने बताया कि वह अब इस घटना की लिखित शिकायत पुलिस में दर्ज कराएंगे ताकि झूठे आरोप लगाने और धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।

यह घटना न सिर्फ एक रेस्टोरेंट को बदनाम करने की साजिश थी, बल्कि समाज में नफरत फैलाने का एक नाकाम प्रयास भी। CCTV ने एक बार फिर सच को सामने लाकर यह दिखा दिया कि तकनीक के इस दौर में झूठ टिक नहीं सकता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button