कन्नड में ईदगाह की व्यवस्थाओं का निरीक्षण, नगराध्यक्ष फरीन बेगम ने लिया जायज़ा

कन्नड/अशरफ़ अली
ईद के मद्देनज़र कन्नड शहर में तैयारियों को लेकर गतिविधियाँ तेज़ हो गई हैं। इसी क्रम में लोकनियुक्त नगराध्यक्षा फरीन बेगम अब्दुल जावेद सेठ ने शहर स्थित ईदगाह का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उनके इस दौरे को स्थानीय स्तर पर सराहनीय पहल माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ पुलिस निरीक्षक सानप साहेब, नगरसेवक अब्दुल जावेद सेठ, अहमद अली भैय्या, मौलाना सद्दाम साहेब, मा. संचालक शेख आसिफ तथा पुलिस कर्मी चव्हाण सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर ईदगाह परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पानी की उपलब्धता और नमाज़ के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया।

ईदगाह मस्जिद, दिनी दर्सगाह कन्नड के चेयरमैन ने इस अवसर पर सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब किसी नगराध्यक्ष ने स्वयं ईदगाह पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और सहयोग का आश्वासन दिया। इससे स्थानीय नागरिकों में खुशी और विश्वास का माहौल बना है।
नगराध्यक्ष के कार्यों की हो रही सराहना
नगराध्यक्षा फरीन बेगम अब्दुल जावेद सेठ जब से अपने पद पर विराजमान हुई हैं, तब से उन्होंने शहर के विकास के लिए लगातार सक्रिय प्रयास शुरू कर दिए हैं। वे मूलभूत सुविधाओं के सुधार, स्वच्छता अभियान, नागरिक समस्याओं के समाधान और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही हैं।
शहर में उनकी कार्यशैली और सक्रियता की चौतरफा सराहना की जा रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उनके नेतृत्व में कन्नड शहर विकास की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और प्रशासन आम जनता के अधिक करीब आया है।
