500 मीटर गहरी खाई में कार गिरने से 6 लोगों की मौत, दो परिवार उजड़ गए

हिमाचल प्रदेश में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्विफ्ट कार 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना भांजराडू से चानवास शाहवा सड़क पर गांव से लगभग एक किलोमीटर पहले हुई, जब कार बानीखेत से लौट रही थी।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार में कार का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और वह सड़क किनारे के कठड़े को तोड़ते हुए सीधा गहरी खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखचे उड़ गए और देखते ही देखते खुशियों से भरी सवारी मातम में बदल गई।
हादसे में चानवास के एक सरकारी स्कूल के शिक्षक राजेश कुमार, उनकी पत्नी और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, उनके मेहुणे (बहनोई) की भी इस दुर्घटना में जान चली गई। हादसे ने एक ही झटके में दो परिवारों को तबाह कर दिया।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और शवों को खाई से बाहर निकाला। मामले की जांच जारी है।
