खामगांव से लापता सुपरवाइजर की रहस्यमयी मौत: हाथ-पांव बांधकर कुएं में फेंका शव

बुलढाणा ज़िले में खामगांव से लापता हुए घनश्याम रमेशचंद्र भुतडा की हत्या कर दी गई है। उनका शव मलकापुर तालुका के धानोरा शिवार क्षेत्र में एक कुएं से बरामद हुआ है। हाथ-पांव बांधकर शव को कुएं में फेंकने की यह घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
घनश्याम भुतडा खामगांव एमआईडीसी क्षेत्र की ‘हरेकृष्ण इंडस्ट्रीज’ नामक कंपनी में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत थे। वे 2 अगस्त की सुबह 8 बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वे शेगांव स्थित कॉलेज में बेटे के प्रवेश को लेकर जानकारी लेने सुटाळा के एक शिक्षक से मिलने जा रहे हैं। इसके बाद वे लापता हो गए थे। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा कर शव को कुएं से बाहर निकाला। शव की स्थिति देखकर साफ हो गया कि यह हत्या का मामला है, क्योंकि मृतक के हाथ-पांव रस्सियों से बंधे हुए थे। प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि अज्ञात हत्यारों ने हत्या कर सबूत मिटाने के इरादे से शव को कुएं में फेंका होगा।
मलकापुर ग्रामीण पुलिस ने मृतक के रिश्तेदार रविंद्र सुभाष भुतडा की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या और सबूत नष्ट करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।
