Breaking NewsVidharbh

अमरावती के डफरिन अस्पताल में भीषण आग, 3 नवजात शिशुओं की दर्दनाक मौत

अमरावती | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल (डफरिन अस्पताल) से एक बेहद हृदयविदारक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अस्पताल के नवजात शिशु अतिदक्षता विभाग (NICU) में मध्यरात्रि के बाद अचानक लगी भीषण आग में तीन नवजात शिशुओं की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वेंटिलेटर में हुए अचानक विस्फोट के बाद आग लगने की बात सामने आ रही है।

अमरावती जिला महिला अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित नवजात शिशु अतिदक्षता कक्ष में सुबह करीब 3:30 बजे अचानक वेंटिलेटर में जोरदार विस्फोट हुआ। विस्फोट के कुछ ही क्षणों बाद पूरे कक्ष में धुआं फैल गया और आग भड़क उठी। उस समय NICU में 39 नवजात शिशुओं का उपचार चल रहा था।

कर्मचारियों की सूझबूझ से 36 नवजातों की जान बची

आग लगने का पता चलते ही ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर धुएं और आग के बीच से 36 नवजात शिशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें से गंभीर हालत वाले 6 बच्चों को तत्काल आगे के उपचार के लिए सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कर्मचारियों के तमाम प्रयासों के बावजूद आग की भयावहता के कारण तीन मासूम नवजात शिशुओं की झुलसकर मौत हो गई। घटना के बाद मृत बच्चों के परिजनों में भारी आक्रोश और मातम का माहौल है। पूरे अमरावती शहर में इस दर्दनाक घटना को लेकर शोक व्यक्त किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। प्रशासन ने आग लगने के वास्तविक कारण और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के आदेश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button