मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे शख्स की गोली मारकर हत्या, गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर किया हंगामा

बिहार के नगर थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े एक बड़ी वारदात हो गई। थाना से महज 50 मीटर की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
घायल को आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे पीएमसीएच रेफर किया गया। बाद में परिजन उसे जौहरी बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के मुक्ति मोहल्ला निवासी मोहम्मद साबिर आलम (50) के रूप में हुई है, जो पेशे से जमीन के कारोबारी थे। जानकारी के अनुसार, वह थाना चौक स्थित मस्जिद से नमाज अदा कर बाहर निकल रहे थे, तभी बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली मार दी।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया। गुस्साए लोगों ने त्रिमूर्ति चौक के पास टायर जलाकर सड़क जाम कर दी और डीएम-एसपी के खिलाफ नारेबाजी की। गांधी चौक पर शव को एंबुलेंस में रखकर प्रदर्शन किया गया और एक ई-रिक्शा को पलट दिया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नगर थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थाना अध्यक्ष संजय कुमार, एसआई सीबी शुक्ला समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।
मुख्यालय डीएसपी अबू जफर इमाम और सदर एसडीओ रामबाबू बैठा ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवाया। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और शहर में एहतियात के तौर पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
