जालना महानगरपालिका की कार्यप्रणाली पर जिल्हाधिकारी और आयुक्त ने की सख्त समीक्षा — विभिन्न विभागों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर में शहरी विकास और प्रशासनिक सुधारों को गति देने के उद्देश्य से आज, 27 अक्टूबर 2025 को जिल्हाधिकारी जालना तथा आयुक्त, जालना शहर महानगरपालिका ने सुबह 11 बजे महापालिका कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की और शहर की स्वच्छता, व्यवस्था तथा नागरिक सुविधाओं को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए।
बैठक में अतिरिक्त आयुक्त, उपायुक्त, सभी सहायक आयुक्त और विभाग प्रमुख उपस्थित थे। समीक्षा बैठक के दौरान निम्नलिखित प्रमुख निर्णय और निर्देश दिए गए:
- सार्वजनिक बांधकाम विभाग — शहर के सभी खुले नालों (गटारी) के चेंबरों को तुरंत ढक्कन लगाकर सुरक्षित करने के आदेश दिए गए।
- विद्युत विभाग — सड़कों के बीच में आ रहे बिजली के खंभों को तत्काल स्थानांतरित करने के निर्देश जारी हुए।
- स्वच्छता विभाग — आवारा कुत्तों की नसबंदी प्रक्रिया में तेजी लाने और सड़कों के डिवाइडरों पर जमा कचरा तुरंत हटाने के आदेश दिए गए।
- अतिक्रमण विभाग — शहर में अवैध फेरीवालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
- नगररचना विभाग — शहरभर में अतिक्रमणों का सर्वेक्षण कर चिन्हांकन करने और आवश्यक कार्रवाई की तैयारी करने को कहा गया।
- उद्यान व मालमत्ता विभाग — महापालिका की खाली पड़ी भूमि का निरीक्षण कर उनकी सफाई एवं उद्यान (गार्डन) विकसित करने के लिए संयुक्त योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।
- कर विभाग — बकाया कर वसूली के लिए विशेष अभियान चलाने के आदेश जारी हुए।
- प्रशासन विभाग — महापालिका में रिक्त पदों की भर्ती प्रक्रिया तुरंत शुरू करने का निर्णय लिया गया।
- घनकचरा प्रकल्प विभाग — सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट की पुनः निविदा प्रक्रिया (Re-Tender Process) शीघ्र आरंभ करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में अधिकारियों ने कहा कि अगले तीन दिनों में सभी विभागों की प्रगति की पुनः समीक्षा की जाएगी। जिल्हाधिकारी और आयुक्त ने उम्मीद जताई कि इन निर्देशों के पालन से महापालिका की कार्यप्रणाली में सुधार आएगा और नागरिकों को अधिक प्रभावी शहरी सेवाएँ प्राप्त होंगी।
