जालना में 156 पुलिस सिपाही पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू
11 से 18 फरवरी तक शारीरिक व मैदानी परीक्षा, सख्त निगरानी में होगा चयन

जालना/कादरी हुसैन
जालना जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय अंतर्गत पुलिस सिपाही के कुल 156 पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इस भर्ती से संबंधित आधिकारिक विज्ञापन 28 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित किया गया था। भर्ती के तहत शारीरिक माप एवं मैदानी परीक्षा 11 फरवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह 4.30 बजे से पुलिस कवायत मैदान, पुलिस मुख्यालय, सर्वे नं. 488, जालना में आयोजित की जाएगी।
जिला पुलिस घटक के लिए कुल 9,745 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सभी पात्र उम्मीदवारों को निर्देशित किया गया है कि वे अपना प्रवेश पत्र वेबसाइट policerecruitment2025.mahait.org से अनिवार्य रूप से डाउनलोड करें।
भर्ती के दौरान आवश्यक दस्तावेज
उम्मीदवारों को निम्न दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा—
- ऑनलाइन भरा हुआ आवेदन पत्र (02 प्रतियां)
- ऑनलाइन प्रवेश पत्र (02 प्रतियां)
- मूल आधार कार्ड एवं उसकी छायाप्रति
- 06 पासपोर्ट साइज फोटो
- प्रमाणपत्रों की छायाप्रतियां
प्रमाणपत्रों की मूल जांच लिखित परीक्षा के बाद की जाएगी।
बाहर से आने वाले उम्मीदवारों के लिए ठहराव व्यवस्था
मैदानी परीक्षा के एक दिन पूर्व बाहरगांव से आने वाले उम्मीदवारों के लिए शोभा प्रकाश मंगल कार्यालय, पुलिस कॉम्प्लेक्स के पास, बस स्टैंड रोड, जालना में ठहरने की व्यवस्था की गई है।
250 अधिकारी-कर्मचारी रहेंगे तैनात
भर्ती प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने के लिए—
- 02 पुलिस उप अधीक्षक
- 33 पुलिस अधिकारी
- 171 पुलिस कर्मचारी
- 29 मंत्रालयीन कर्मचारी
सहित कुल 250 अधिकारी एवं कर्मचारी बंदोबस्त ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।
दलालों से सतर्क रहने की अपील
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी, वीडियो रिकॉर्डिंग और अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाएगी। उम्मीदवारों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार के दलाल, प्रलोभन या पैसों की मांग से दूर रहें। चयन दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले किसी भी व्यक्ति की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
शिकायत व सहायता के लिए संपर्क
- पुलिस उप अधीक्षक (मुख्यालय), जालना: 9922799027
- लाचलुचपत प्रतिबंधक विभाग, जालना: 02482-220252, टोल फ्री 1064
- पुलिस नियंत्रण कक्ष, जालना: 02482-225100 / 224833
- व्हाट्सएप हेल्पलाइन: 9604161100, 9604121100
पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बेसल ने सभी उम्मीदवारों से नियमों का पालन करने और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।
