Breaking NewsJalnaPolitics

जालना महानगरपालिका को मिला पहला महापौर; वंदना अरुण मगरे और उपमहापौर राजेश राऊत का ऐतिहासिक चयन

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर महानगरपालिका के इतिहास में आज का दिन स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया है। शहर के पहले महापौर और उपमहापौर के चयन के लिए आज एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। इस चुनाव में श्रीमती वंदना अरुण मगरे को जालना शहर की प्रथम महापौर तथा श्री राजेश रामभाऊ राऊत को प्रथम उपमहापौर घोषित किया गया।

सभा की शुरुआत और उपस्थिति

महानगरपालिका के नवीन सभागृह में सुबह 11.00 बजे पीठासीन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी श्री रमेश मिसाळ की अध्यक्षता में सभा की शुरुआत हुई। प्रारंभ में भारतीय जनता पार्टी के सदस्य, इसके बाद अपक्ष और शिवसेना के सदस्य सभागृह में उपस्थित हुए। ‘वंदे मातरम्’ के साथ सभा की औपचारिक शुरुआत की गई।

महापौर चयन प्रक्रिया

महापौर पद के लिए 4 से 6 फरवरी के बीच श्रीमती वंदना अरुण मगरे का एकमात्र नामांकन प्राप्त हुआ था।
सूचक: श्री महेश निकम
अनुमोदक: श्री रमेश गौरक्षक

पीठासीन अधिकारी द्वारा नामांकन की जांच कर उसे वैध घोषित किया गया। नाम वापस लेने के लिए दिए गए 15 मिनट की अवधि के बाद, सुबह 10:37 बजे वंदना मगरे के निर्विरोध चयन की घोषणा की गई।

उपमहापौर चयन प्रक्रिया

महापौर के चयन के बाद उपमहापौर पद की प्रक्रिया शुरू की गई। इस पद के लिए भी श्री राजेश रामभाऊ राऊत का एकमात्र नामांकन प्राप्त हुआ था।
सूचक: श्री शशिकांत रामकृष्ण घुगे
अनुमोदक: श्री भास्कर दानवे

कानूनी प्रावधानों के अनुसार 15 मिनट का समय देने के पश्चात, सुबह 11:52 बजे राजेश राऊत को जालना शहर का प्रथम उपमहापौर घोषित किया गया। राष्ट्रगान के साथ इस ऐतिहासिक विशेष सभा का समापन हुआ।

प्रशासन की ओर से स्वागत एवं प्रशिक्षण की घोषणा

चयन प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जिलाधिकारी एवं महानगरपालिका आयुक्त श्रीमती आशिमा मित्तल ने नवनिर्वाचित महापौर और उपमहापौर का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस अवसर पर आयुक्त ने घोषणा की कि महानगरपालिका के सभी नवनिर्वाचित सम्माननीय सदस्यों के लिए ‘यशदा, पुणे’ में विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है, ताकि प्रशासनिक कार्यों में सुगमता लाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button