जालना में देह व्यापार पर बड़ी कार्रवाई: वैष्णवी लॉज और मोक्ष लॉज पर छापा, 7 गिरफ्तार, 13 महिलाएं मुक्त

जालना | कादरी हुसैन
बस स्टैंड रोड स्थित वैष्णवी लॉज और मोक्ष लॉज में कथित रूप से संचालित अवैध देह व्यापार के खिलाफ अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष और स्थानीय अपराध शाखा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है। छापेमारी में 7 पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 13 पीड़ित महिलाओं को मुक्त कराकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर यह जानकारी सामने आई कि दोनों लॉज के संचालक आर्थिक लाभ के लिए बाहरी राज्यों से महिलाओं को लाकर देह व्यापार करवा रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
ये हैं मुख्य आरोपी
छापे के दौरान मोक्ष लॉज के मालिक सचिन नंदू पवार (30, वटूर, ता. परतूर, जि. जालना) द्वारा मैनेजर संतोष भोलेनाथ जाधव (खरपुड़ी, जालना) के माध्यम से अवैध गतिविधि संचालित किए जाने का खुलासा हुआ।
वहीं वैष्णवी लॉज में मैनेजर कैलाश रतन कुमार (30, मूल निवासी सावा, जिला चित्तौड़गढ़, राजस्थान; वर्तमान पता—जालना) इस अवैध धंधे का संचालन करता पाया गया।
ग्राहक के रूप में पकड़े गए आरोपी
वैष्णवी लॉज में ग्राहक के रूप में मौजूद आरोपियों में—
- पंकज भाऊसाहेब निकाळजे (25, जामवाड़ी, जालना)
- तुषार हरिश बत्रा (24, परतूर)
- रोहित संजय बोर्डे (26, जामवाड़ी, जालना)
- करण रवि वाहुळे (20, जामवाड़ी, जालना)
शामिल हैं।
13 महिलाओं को कराया गया मुक्त
मुक्त कराई गई महिलाओं में 6 पश्चिम बंगाल, 3 असम और 4 छत्रपति संभाजीनगर क्षेत्र की हैं। पुलिस ने मौके से ₹81,750 नकद तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है।
इन धाराओं में मामला दर्ज
सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सदर बाजार में महिलाओं के अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धाराएँ 3, 4, 5 और 6 के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। कार्रवाई पुलिस उपनिरीक्षक गणेश शिंदे की शिकायत पर की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बंसल, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी, परिक्षेत्र पुलिस अधीक्षक जान्हवी शेखर, उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी और पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।
कार्रवाई में अनैतिक मानव तस्करी प्रतिबंधक कक्ष एवं स्थानीय अपराध शाखा के अधिकारियों व महिला पुलिस कर्मियों की टीम शामिल रही।
पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
