Breaking NewsMaharashtra

लातूर: औसा–तुलजापुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, BMW कार की ट्रक और कंटेनर से टक्कर; चार की मौत, दो गंभीर घायल

लातूर/प्रतिनिधि 

लातूर जिले के औसा–तुलजापुर राष्ट्रीय मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने आगे चल रहे लकड़ी से भरे ट्रक और एक कंटेनर को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, सांगली की बीएमडब्ल्यू कार (MH 04 EG 7500) किसी काम से लातूर आई हुई थी। काम खत्म करने के बाद कार में सवार लोग शिवली गांव में भोजन कर औसा की ओर जा रहे थे, ताकि एक साथी को उसके घर छोड़ा जा सके। इसी दौरान औसा के पास एक होटल के सामने कार ने आगे चल रहे लकड़ी से भरे ट्रक (MH 25 U 0522) और कंटेनर (MH 12 FC 7642) को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि लकड़ी से भरा ट्रक करीब 100 फीट आगे जाकर पलट गया, जबकि कार पूरी तरह चकनाचूर होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मौके पर खून बिखर गया और कई मानव अंग भी क्षत-विक्षत हालत में मिले।

इस हादसे में चालक धनराज काशीनाथ जाधव (49, निवासी सांगली), आबासाहेब आप्पासाहेब सालुंके (36), शुभम शेषेराव पाटील (26) और किसन रामलिंग सालुंके (49, तीनों निवासी बोरगांव, औसा तालुका) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जयहिंद विश्वास जाधव (30, निवासी औसा) और विनायक श्रीकांत हालदर (28, निवासी सांगली) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही औसा के डीवायएसपी कुमार चौधरी, पुलिस निरीक्षक रेवण डमाले, फौजदार भाऊसाहेब मालवदकर सहित पुलिस दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और राहत कार्य शुरू किया।

इस हादसे में औसा तालुका के बोरगांव गांव के तीन युवकों की मौत होने से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। देर रात तक औसा पुलिस थाने में मामले की दर्ज प्रक्रिया जारी रही।

बताया जा रहा है कि सांगली निवासी धनराज जाधव व्यवसायी थे और बोरगांव के युवकों के साथ मिलकर औसा तालुका और आसपास के क्षेत्रों में व्यापार का नेटवर्क विकसित कर रहे थे। शुक्रवार को लातूर में कार खरीदने के बाद वे शिवली में भोजन करने गए थे और औसा लौटते समय यह भीषण हादसा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button