गैस कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ लोणार में कांग्रेस का आंदोलन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

लोणार/फिरदोस खान पठाण
एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में लोणार शहर में कांग्रेस पार्टी की ओर से आंदोलन किया गया और तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।
12 मार्च 2026 को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन दादा सपकाल के निर्देश तथा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राहुल भाऊ बोंद्रे के मार्गदर्शन में यह आंदोलन आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे लोणार तहसील कार्यालय में शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शेख समद शेख अहमद और तालुका कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अश्रुजी फुके के नेतृत्व में तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी को विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता साहेबराव पाटोळे, लोणार नगर परिषद के पूर्व नगराध्यक्ष भूषण मापारी, पूर्व शहराध्यक्ष नितीन शिंदे तथा उपाध्यक्ष आबेद खान सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
ज्ञापन में कहा गया कि महंगाई के कारण आम जनता का जीवन पहले ही कठिन हो गया है। ऐसे समय में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा एलपीजी गैस की कीमतों में वृद्धि करना आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद उसका भार आम जनता पर नहीं डाला गया था और सब्सिडी के माध्यम से लोगों को राहत दी गई थी।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यूपीए सरकार के समय घरेलू गैस सिलेंडर लगभग 400 रुपये में मिलता था, जबकि वर्तमान में एक सिलेंडर के लिए 900 रुपये से अधिक भुगतान करना पड़ रहा है। इसके अलावा सिलेंडर बुकिंग का समय भी 15 दिन से बढ़ाकर एक महीने कर दिया गया है, जिससे लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत भी लगभग 1900 रुपये तक पहुंच गई है और उसके वितरण में भी सीमितता लाई गई है। इसका सीधा असर होटल, खानावली चलाने वाले, छोटे खाद्य व्यवसायियों, छात्र, मजदूर और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ रहा है, जिन्हें बाहर भोजन करना पड़ता है। गैस की कीमतें बढ़ने से खाद्य पदार्थों की कीमतों में भी वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार भले ही गैस की कमी न होने का दावा कर रही हो, लेकिन वास्तविक स्थिति अलग है। आम जनता, होटल व्यवसायियों और छोटे व्यापारियों को गैस सिलेंडर बिना किसी बाधा के आसानी से उपलब्ध कराया जाए तथा बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत कम किया जाए, ऐसी मांग ज्ञापन के माध्यम से की गई।
आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए –
घरगुती गैस की दरवृद्धि बंद करो, नहीं तो सत्ता छोड़ो।
धुएं के दिन खत्म हुए, अब क्या महंगाई के दिन आए हैं।
गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।
महंगाई पर नियंत्रण करो और गैस सिलेंडर सस्ता करो।
इस आंदोलन में नगरसेवक पंढरी चाटे, नगरसेवक संतोष मापारी, आरोग्य सभापति अब्दुल उबेद हाजी अब्दुल मुनाफ, नगरसेवक अरुण जावळे, नियोजन सभापति साहेबराव पवार, नगरसेवक जमील कुरेशी, तालुका उपाध्यक्ष श्याम राऊत, नगरसेवक गुलाब सरदार, नगरसेवक रमजान परसु वाले, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दौलत मानकर, ओबीसी सेल शहराध्यक्ष अंबादास इंगळे, प्राध्यापक विठ्ठल भानुसे, शहर कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष शंकर हेंद्रे, युवा कांग्रेस शहराध्यक्ष विकास मोरे, शेख अफसर शेख तुराब, भवानी मापारी, शिवा मापारी, गणी पटेल, शुभम चाटे, दीपक मानवतकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।