औरंगाबाद: बेटी नहीं चाहिए कहकर गर्भपात, पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
बेटी नहीं चाहिए इस मानसिकता के चलते गर्भलिंग जांच कर अवैध गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला के पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घर में पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीन के जरिए गर्भवती महिला का गर्भलिंग परीक्षण कर यह पता लगाया गया कि गर्भ में लड़की है। इसके बाद लड़की नहीं चाहिए कहते हुए गर्भपात कराने की साजिश रची गई। मामले में महिला के पति अरबाज फेरोज सैय्यद, सास आरिया फेरोज सैय्यद और ससुर फेरोज मंसूर सैय्यद को एमआईडीसी सिडको पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि पूरे मराठवाड़ा क्षेत्र में कई वर्षों से अवैध गर्भपात का रैकेट चल रहा था। इस मामले में रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संतोष सोनवणे द्वारा गर्भपात कराने की सुपारी लेने की जानकारी भी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी ऐसे मामलों में संलिप्त रहे हैं। जमानत पर छूटने के बाद फिर से जालना और बीड जिले में अवैध गर्भपात का रैकेट सक्रिय होने की चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है।
पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और इस पूरे रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
