Breaking NewsKannad

कन्नड़ शहर में बाइक चोरी से हड़कंप, CCTV व्यवस्था पर उठे सवाल

कन्नड़ / क्राइम रिपोर्टर: असलम शेख 

शहर में एक बार फिर वाहन चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कन्नड़ बस स्टैंड परिसर से एक मोटरसाइकिल चोरी होने का मामला सामने आया है, जिसके बाद नागरिकों में रोष देखा जा रहा है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, सानिया नगर निवासी शेख मुस्तकीम महमूद (42 वर्ष) की हीरो कंपनी की मोटरसाइकिल (MH-20 GB 3494) 29 मार्च 2026 की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच मोहम्मद इसाक कॉम्प्लेक्स के सामने से चोरी हो गई। वाहन की अनुमानित कीमत करीब 60,000 रुपये बताई गई है।

इस मामले में कन्नड़ सिटी पुलिस स्टेशन में FIR नंबर 0066/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 303(2) में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच की जिम्मेदारी हेड कॉन्स्टेबल मोइस नसीम बैग को सौंपी गई है।

घटना के बाद शहरवासियों ने नगर की CCTV व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। नागरिकों का कहना है कि शहर में लगाए गए CCTV कैमरे केवल “शोभा की वस्तु” बनकर रह गए हैं। ये कैमरे चालू हैं या बंद, इसकी जानकारी न तो प्रशासन के पास स्पष्ट है और न ही आम जनता को।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि CCTV कैमरे प्रभावी रूप से कार्यरत होते, तो इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता था और आरोपी की पहचान भी आसानी से हो सकती थी।

फिलहाल पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगालने की बात कह रही है और आरोपी की तलाश जारी है, लेकिन इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र की पोल खोल दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button