नागपुर में SRPF जवान की बेरहमी से हत्या, बेटी का पीछा करने से रोका तो युवक ने लोहे की रॉड से किया हमला

नागपुर/प्रतिनिधि
नागपुर के एमआईडीसी पुलिस थाना क्षेत्र में एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। मातोश्री नगर में एक एसआरपीएफ जवान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पंकज ठाकुर (निवासी वानाडोंगरी, मातोश्री नगर) के रूप में हुई है, जो एसआरपीएफ में कार्यरत थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इलाके में रहने वाला आकाश मंडल नामक युवक पंकज ठाकुर की बेटी का पीछा करता था और उनके घर के आसपास संदिग्ध तरीके से बार-बार चक्कर लगाता था। जब यह बात बेटी ने अपने पिता को बताई, तो पंकज ठाकुर ने युवक से इस बारे में पूछताछ की और उसे वहां आने से मना किया।
बताया जा रहा है कि गुरुवार को आरोपी फिर से ठाकुर की बेटी से बात करने की कोशिश करते हुए दिखाई दिया। इस बात को लेकर आरोपी और पंकज ठाकुर के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला कुछ देर के लिए शांत हो गया।
लेकिन कुछ ही समय बाद आरोपी आकाश मंडल अपने भाई हर्षित मंडल और अन्य साथियों के साथ वापस लौटा और पंकज ठाकुर पर अचानक हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए परिजनों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। हमले के दौरान आकाश मंडल ने लोहे की रॉड से पंकज ठाकुर के सिर पर जोरदार वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में ठाकुर के कुछ परिजन भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही एमआईडीसी पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आकाश मंडल और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष टीमें गठित की हैं। साथ ही इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
इस घटना के बाद मातोश्री नगर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामूली विवाद पर इस तरह की हिंसक घटना से स्थानीय नागरिकों में भय का वातावरण है।
