औरंगाबाद में गैस चोरी का बड़ा भंडाफोड़, ₹1.26 करोड़ का अवैध माल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
औरंगाबाद में इंधन चोरी और अवैध साठेबाजी के खिलाफ राज्यस्तरीय सतर्कता दल ने ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बड़े गैस चोरी रैकेट का पर्दाफाश किया है। गंगापुर तालुका के खोजेवाड़ी क्षेत्र में चल रहे इस अवैध धंधे पर छापा मारकर करीब ₹1 करोड़ 26 लाख का माल जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई नियंत्रक शिधावाटप चंद्रकांत डांगे को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पथक प्रमुख गणेश बेल्लाळे और उनकी टीम ने वैजापुर रोड स्थित होटल साईयश के पास जाल बिछाया। 2 अप्रैल की रात को एचपी कंपनी के एलपीजी टैंकर का सील तोड़कर खतरनाक तरीके से गैस चोरी की जा रही थी, तभी टीम ने मौके पर छापा मारकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जप्त सामग्री (संक्षेप में):
- दो गैस टैंकर: MH 43 K 5921 और MH 43 CK 5747 (कुल 35,220 किलो गैस)
- 26 सिलेंडर: व्यावसायिक (19.2 किलो) और घरेलू (14.2 किलो)
- कुल जब्ती: लगभग ₹1.26 करोड़
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, जब्त किया गया गैस स्टॉक लगभग 2,480 गरीब परिवारों की एक महीने की जरूरत पूरी कर सकता था। इस कार्रवाई से साफ है कि गैस माफिया आम लोगों के हक के ईंधन का काला बाज़ार कर रहे थे।
इस मामले में एमआईडीसी वाळूज पुलिस थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। साथ ही इस रैकेट के अन्य कनेक्शन और नेटवर्क की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
राज्यस्तरीय सतर्कता दल के प्रमुख चंद्रकांत डांगे ने स्पष्ट कहा कि अवैध साठेबाजी और आवश्यक वस्तुओं की चोरी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाई तेज की जाएगी।
