फूड प्वाइजन से 3 मासूमों की मौत, धाड इलाके में मातम का माहौल

धाड/जावेद खान
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के धाड क्षेत्र में फूड प्वाइजन की दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक हादसे में अब तक तीन मासूम बच्चों की जान जा चुकी है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदना का माहौल व्याप्त है।
मृतकों की पहचान मोहम्मद अली मोहम्मद वसीम जामदार (उम्र 4 वर्ष), मिशिरा मोहम्मद वसीम जामदार (उम्र 7 वर्ष) और फातिमा मोहम्मद वसीम जामदार (उम्र 8 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों बच्चे एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं, जिससे इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रविवार से ही परिवार के सदस्यों को पेट दर्द, मतली और उल्टी जैसी गंभीर शिकायतें होने लगी थीं। शुरुआत में इसे सामान्य बीमारी समझा गया, लेकिन हालत तेजी से बिगड़ने पर सोमवार, 6 अप्रैल की सुबह सभी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान पहले दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीसरी बच्ची फातिमा ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। डॉक्टरों की शुरुआती जांच में यह मामला फूड प्वाइजन का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद बुलढाणा जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय नागरिकों में भय और चिंता का माहौल है, वहीं प्रशासन पर भी इस घटना की गंभीरता से जांच करने का दबाव बढ़ गया है।
परमेश्वर केंद्र के पुलिस सब-इंस्पेक्टर द्वारा मामले की जांच की जा रही है। साथ ही, स्वास्थ्य विभाग भी इस घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
इस हादसे ने एक बार फिर खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।