जालना में अवैध गुटखा कारोबार पर बड़ा एक्शन: सतीश उर्फ लाला जैस्वाल पर ‘मिनी मोक्का’ लागू, 31.60 लाख का माल जब्त

जालना/कादरी हुसैन
जालना जिले में अवैध गुटखा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात आरोपी सतीश उर्फ लाला जैस्वाल पर ‘मिनी मोक्का’ के तहत शिकंजा कस दिया है। महाराष्ट्र में गुटखे के उत्पादन, परिवहन और बिक्री पर प्रतिबंध के बावजूद जिले में बड़े पैमाने पर इसका अवैध कारोबार जारी था, जिस पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने यह कड़ा कदम उठाया है।
31 मार्च 2026 की रात चंदनझिरा पुलिस थाना क्षेत्र में जाल बिछाकर की गई इस कार्रवाई में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 191/2026 दर्ज किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 31 लाख 60 हजार रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जब्त किया गया गुटखा सतीश उर्फ लाला जैस्वाल का है, जो लंबे समय से जिले में अवैध रूप से गुटखे का परिवहन और बिक्री कर रहा था। आरोपी के खिलाफ पहले से ही विभिन्न पुलिस थानों में कुल 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें सदर बाजार में 9, कदीम जालना में 4, तालुका जालना में 2, चंदनझिरा में 3, बदनापुर में 1 और परतूर में 1 मामला शामिल है, जिनमें कई प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों, आर्थिक लाभ के लिए प्रतिबंधित गुटखे की तस्करी और इसके समाज पर पड़ने वाले दुष्परिणामों को ध्यान में रखते हुए भारतीय कानून की धारा 111 के तहत उस पर ‘मिनी मोक्का’ लागू किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जालना के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आदतन अपराधियों पर लगाम कसने के लिए आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जालना पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।