औरंगाबाद: ऑनलाइन निकाह का झांसा, IT एक्सपर्ट बनकर दरिंदगी: MCA छात्रा को हैदराबाद ले जाकर 9 दिन तक बनाया बंधक

औरंगाबाद/प्रतिनिधि
डिजिटल दौर में बढ़ती ऑनलाइन ठगी का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कथित आईटी एक्सपर्ट ने 21 वर्षीय MCA छात्रा को शादी का झांसा देकर न सिर्फ धोखा दिया, बल्कि उसे हैदराबाद ले जाकर कई दिनों तक प्रताड़ित किया।
पीड़िता औरंगाबाद की रहने वाली है। उसकी मुलाकात आरोपी शेख अब्दुल रहमान अहमद से एक सेमिनार के दौरान हुई थी। आरोपी ने खुद को बड़ा कोडिंग एक्सपर्ट और आईटी प्रोफेशनल बताते हुए विदेश में नौकरी दिलाने का लालच दिया। इसी बहाने उसने युवती का विश्वास जीता और उसके घर जाकर शादी का प्रस्ताव रखा।
परिवार की सहमति के बाद आरोपी ने शादी का नाटक रचा। अक्टूबर 2025 में उसने गूगल मीट के जरिए एक काजी को जोड़कर ऑनलाइन निकाह का ढोंग किया और 15 लाख रुपये मेहर तय कर इसे वैध शादी बताने की कोशिश की।
निकाह का झांसा देकर आरोपी युवती को हैदराबाद ले गया, जहां एक होटल में उसे लगातार 9 दिनों तक बंधक बनाकर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। इस दौरान युवती की हालत बेहद खराब हो गई।
जब पीड़िता वापस अपने शहर लौटी, तो आरोपी के परिवार ने भी इस शादी को मानने से इनकार कर दिया और उसे घर से बाहर निकाल दिया। खुद के साथ हुई बड़ी ठगी और अत्याचार का एहसास होने पर युवती ने सिटी चौक पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शेख अब्दुल रहमान अहमद को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।
