विकास की प्रक्रिया में महाराष्ट्र देश में अग्रणी – पंकजा मुंडे
महाराष्ट्र दिवस और अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस उत्साह के साथ मनाया गया

जालना/कादरी हुसैन
महाराष्ट्र ने स्थापना के बाद से ही हर क्षेत्र में विकास की दिशा में बड़ी प्रगति की है और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। इसी कारण आज महाराष्ट्र देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता है, ऐसा प्रतिपादन राज्य की पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन तथा पशुसंवर्धन मंत्री एवं जालना जिले की पालकमंत्री पंकजा मुंडे ने किया।
महाराष्ट्र दिवस के 67वें स्थापना दिवस के अवसर पर जालना स्थित पुलिस मुख्यालय मैदान में उनके हस्ते मुख्य शासकीय ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर महापौर वंदना मगरे, सांसद डॉ. कल्याण काळे, विधायक खोतकर, उपमहापौर राजेश राऊत, जिलाधिकारी आशिमा मित्तल, जिला पुलिस अधीक्षक अजयकुमार बंसल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कृष्णकांत कंवरिया, मनपा आयुक्त अंजली शर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपाणी तथा अपर जिलाधिकारी रमेश मिसाळ सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे।
पालकमंत्री मुंडे ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आम जनता का जीवन सुगम बनाने के लिए प्रयासरत है और विकास की प्रक्रिया में किसान, मजदूर एवं आम नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ी है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2027 की भारत की जनगणना देश की 16वीं जनगणना होगी, जिसे पहली बार डिजिटल पद्धति से दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। इसे अधिक सुलभ, सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने नागरिकों से अपनी जानकारी स्वयं सही रूप से दर्ज करने का आवाहन किया।
भारतीय चुनाव आयोग की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने मतदाता सूची में अपनी जानकारी जांचने की अपील की। साथ ही ‘मिशन कर्मयोगी’ के अंतर्गत ‘साधना सप्ताह 2026’ में महाराष्ट्र ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
‘माझी वसुंधरा 6.0’ अभियान के तहत 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के दौरान जिले की 28 हजार से अधिक स्थानीय स्वराज संस्थाओं में इस उपक्रम का सफल क्रियान्वयन किया गया। वहीं ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण पशुधन उद्यमिता योजना’ के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और आय वृद्धि पर जोर दिया जा रहा है।
जालना जिले ने भी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभाई है। वर्ष 2025-26 में जिला वार्षिक योजना का 100 प्रतिशत निधि विकास कार्यों में खर्च किया गया। जालना ड्रायपोर्ट, जालना-नांदेड समृद्धि महामार्ग और जालना–जलगांव रेल परियोजना जैसे महत्वपूर्ण प्रकल्प तेजी से प्रगति कर रहे हैं।
‘छत्रपति शिवाजी महाराज महसूल समाधान शिविर’ के अंतर्गत 47 शिविर आयोजित कर लगभग 44 हजार लाभार्थियों को लाभ दिया गया। कृषि विभाग के माध्यम से 18 हजार किसानों को 82 करोड़ रुपये का अनुदान वितरित किया गया। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना के तहत 153 लाभार्थियों को 10 करोड़ रुपये का कर्ज और 4 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया। वहीं गोपीनाथ मुंडे शेतकरी सानुग्रह योजना के तहत 127 किसानों के परिवारों को 2.53 करोड़ रुपये की सहायता दी गई।
‘मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम’ के अंतर्गत जिले में 243 नए उद्योग स्थापित किए गए हैं। जिले में एलपीजी गैस और पेट्रोल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, इसलिए नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई। साथ ही पानी की कमी से निपटने के लिए आवश्यक उपाय किए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा ‘घरपोच शासकीय सेवा’ और ‘जालना मित्र’ डिजिटल ऐप जैसे नवाचारों के माध्यम से नागरिकों को घर बैठे सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
बढ़ते तापमान को देखते हुए उन्होंने नागरिकों से सावधानी बरतने, अधिक समय धूप में न रहने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के वस्त्र पहनने की सलाह दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में पालकमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद विभिन्न दलों ने संचलन किया, जिसमें पुलिस, होमगार्ड, आपदा प्रबंधन, अग्निशमन दल, श्वान पथक और 108 एम्बुलेंस सहित विभिन्न इकाइयों ने भाग लिया। पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत महाराष्ट्र गीत ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर पालकमंत्री के हस्ते विभिन्न पुरस्कारों का वितरण किया गया और पुलिस विभाग को नए वाहनों का लोकार्पण भी किया गया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, पत्रकार, नागरिक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
