Breaking NewsCrime NewsJalna

सोनगीर टोलनाके पर पुलिस का शिकंजा: लंबे समय से फरार सतीश जैस्वाल उर्फ ‘लाला’ गिरफ्तार

जालना | कादरी हुसैन

जालना पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है। पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी सतीश जैस्वाल उर्फ ‘लाला’ को धुले जिले के सोनगीर टोलनाका परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपी जिले से बाहर सक्रिय है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय जांच के जरिए आरोपी की सटीक लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद सोनगीर टोलनाका क्षेत्र में रणनीतिक रूप से जाल बिछाकर आरोपी को हिरासत में लिया गया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के कब्जे से एमएच-29 सीजी-1092 क्रमांक का वाहन भी जब्त किया गया। वहीं आरोपी के साथ मौजूद शकील अमीन पठाण (निवासी जालना) को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार सतीश जैस्वाल उर्फ ‘लाला’ के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं सहित खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। प्रकरण की आगे की जांच चंदनझिरा पुलिस थाना द्वारा की जा रही है।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी को जालना पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है और कानून से बचने की कोशिश करने वालों को स्पष्ट संदेश मिला है कि पुलिस की नजर से कोई भी आरोपी बच नहीं सकता।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू तथा अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक अविनाश गडाख के नेतृत्व वाली टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button