Breaking NewsJalna

सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा के बाहर तीन दिन से मृत कुत्ता पड़ा, दुर्गंध से ग्राहक परेशान; नालियां जाम होने से सड़क पर भर रहा पानी

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर के कादराबाद स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की मुख्य शाखा के बाहर पिछले तीन दिनों से एक मृत कुत्ता पड़े होने का मामला सामने आया है। स्थानीय नागरिकों और बैंक आने वाले ग्राहकों का आरोप है कि अब तक न तो बैंक प्रबंधन और न ही महानगर पालिका प्रशासन ने मृत पशु को हटाने की कोई कार्रवाई की है।

सोमवार होने के कारण बैंक में ग्राहकों की भीड़ अधिक रही। ऐसे में मृत कुत्ते से उठ रही तेज दुर्गंध के कारण ग्राहकों, कर्मचारियों तथा आसपास के दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों का ध्यान इस ओर दिलाए जाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बैंक परिसर के आसपास की नालियों पर अतिक्रमण होने से अधिकांश नालियां जाम हो चुकी हैं। हल्की बारिश होते ही पानी सड़क पर भर जाता है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

नागरिकों का यह भी कहना है कि सफाई कर्मी नियमित रूप से झाड़ू तो लगाते हैं, लेकिन कचरे को उठाने के बजाय नालियों में ही डाल देते हैं। इससे नालियां और अधिक जाम हो जाती हैं तथा गंदगी की समस्या लगातार बढ़ रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि कचरे का उचित संग्रहण और समय पर उठाव नहीं होने से क्षेत्र में अस्वच्छता का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय नागरिकों ने महानगर पालिका के स्वच्छता विभाग तथा संबंधित अधिकारियों से मृत पशु को तत्काल हटाने, जाम नालियों की सफाई कराने और नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को दुर्गंध, गंदगी और जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button