Breaking NewsPoliticsSillod

सिल्लोड शहर कांग्रेस में बड़ा बदलाव लाकर नया जोश भरेंगे: नवनियुक्त शहर अध्यक्ष शेख आवेस आज़ाद

सिल्लोड | प्रतिनिधि 

कांग्रेस पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सिल्लोड के युवा नेता शेख आवेस आज़ाद (कैसर आज़ाद) को सिल्लोड शहर कांग्रेस कमेटी का नया शहर अध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन पाटील सपकाळ के निर्देश पर प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट गणेश पाटील ने हाल ही में नए पदाधिकारियों की सूची जारी की, जिसमें यह नियुक्ति की गई।

नवनियुक्त शहर अध्यक्ष शेख आवेस आज़ाद ने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा कि उनका लक्ष्य सिल्लोड शहर में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और पार्टी में नया जोश व बदलाव लाना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए वे शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।

शेख आवेस आज़ाद समाजसेवी एवं शिक्षा के क्षेत्र में अल्पसंख्यक समाज के लिए कार्य करने वाले कैसर आज़ाद शेख की विरासत से जुड़े हैं। वे पिछले कई वर्षों से सिल्लोड–सोयगांव विधानसभा क्षेत्र में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे हैं और कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करते रहे हैं। सामाजिक, शैक्षणिक तथा जनहित के मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

उनकी नियुक्ति के बाद शहर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं, विशेषकर युवाओं में उत्साह का माहौल है। विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों से उन्हें लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।

प्रतिक्रिया देते हुए शेख आवेस आज़ाद ने कहा, “पार्टी नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसे मैं विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं। कांग्रेस की विचारधारा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और संगठन को अधिक मजबूत बनाना मेरी प्राथमिकता होगी। शहर के आम नागरिकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष उठाने का पूरा प्रयास करूंगा।”

उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन दादा सपकाळ, निरीक्षक अतुल लोढे, सह-निरीक्षक धनंजय चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद डॉ. कल्याणराव काळे, जिलाध्यक्ष किरण पाटील डोणगावकर, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष अनीस पटेल, प्रदेश महासचिव कैसर आज़ाद, शांतिलाल अग्रवाल, जिला महासचिव इकबाल अहमद, सिल्लोड के पूर्व तालुका अध्यक्ष भास्करराव घायवट तथा पूर्व शहर अध्यक्ष शेख फेरोज सहित सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा के समन्वय से वे कांग्रेस संगठन को नई मजबूती देने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button