मोहम्मदिया उर्दू प्राथमिक विद्यालय एवं अजीत दादा पवार उर्दू हाईस्कूल में अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन को मिला भारी प्रतिसाद

कन्नड़ | अशरफ़ अली
कन्नड़ स्थित प्रसिद्ध ईदगाह परिसर में द रेहमानिया वेलफेयर एजुकेशन सोसायटी के अंतर्गत संचालित मोहम्मदिया उर्दू प्राथमिक विद्यालय, अजीत दादा पवार उर्दू हाईस्कूल एंड साइंस जूनियर कॉलेज तथा मकतब फातिमा अल-ज़हरा के संयुक्त तत्वावधान में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि, सर्वांगीण विकास तथा विद्यालय-अभिभावक समन्वय को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संस्थापक अध्यक्ष सैयद अहमद अली मोहम्मद अली साहब ने की। इस अवसर पर मकतब फातिमा अल-ज़हरा के नाज़िम मोहम्मद सद्दाम साहब, अजीत दादा पवार उर्दू हाईस्कूल एंड साइंस जूनियर कॉलेज की प्राचार्या खान मेहजबीन मैडम तथा मोहम्मदिया उर्दू प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कादरी सबाहत जबीन मैडम सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित थे।
सम्मेलन में विद्यार्थियों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अभिभावकों की भूमिका, नियमित विद्यालय उपस्थिति, पढ़ाई में निरंतरता, नैतिक मूल्यों का विकास तथा विद्यालय और अभिभावकों के बीच प्रभावी संवाद के महत्व पर विस्तार से मार्गदर्शन किया गया।
गत शैक्षणिक वर्ष में केजी से दसवीं कक्षा तक अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के लिए नियमित रूप से विद्यालय आकर शिक्षकों से संवाद करने वाले तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता दिखाने वाले अभिभावकों को संस्था की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर द रेहमानिया वेलफेयर एजुकेशन सोसायटी की ओर से जानकारी दी गई कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के लिए दीनी (धार्मिक) शिक्षा तथा कोचिंग सेंटर भी प्रारंभ किया गया है। अभिभावकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए संस्था के शैक्षणिक कार्यों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने विशेष परिश्रम किए। विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अभिभावकों, शिक्षकों और संस्था के बीच समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने वाला यह अभिभावक-शिक्षक सम्मेलन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।