AurangabadBreaking News

औरंगाबाद में FDA की बड़ी कार्रवाई: दो रेस्टोरेंट के लाइसेंस निलंबित, सिंथेटिक रंग, सड़ी सामग्री और गंदगी का खुलासा

औरंगाबाद | प्रतिनिधि 

शहर के दो नामी रेस्टोरेंट में नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ का मामला अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) की मंगलवार देर रात की छापेमार कार्रवाई में उजागर हुआ। जांच के दौरान बटर चिकन, पनीर, हरियाली कबाब, चिकन लॉलीपॉप सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक फूड कलर का उपयोग, रसोई में फफूंदी लगी सब्जियां, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों का एक साथ भंडारण, अस्वच्छ रसोई तथा खाद्य सुरक्षा नियमों के गंभीर उल्लंघन पाए गए। वहीं, एक रेस्टोरेंट में बटर नान के नाम पर वेजिटेबल फैट स्प्रेड (खुला डालडा) का उपयोग कर ग्राहकों को गुमराह करने का मामला भी सामने आया। कार्रवाई के बाद ‘यल्ला यल्ला’ रेस्टोरेंट और ‘आईच्या गावात फेमस टेन’ रेस्टोरेंट के लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित कर दिए गए हैं।

FDA की टीम ने मंगलवार रात गजानन महाराज मंदिर रोड, विद्यानगर स्थित ‘यल्ला यल्ला’ रेस्टोरेंट तथा कांचनवाड़ी, वीटखेड़ा स्थित ‘आईच्या गावात फेमस टेन’ रेस्टोरेंट में अचानक छापेमारी की। जांच में दोनों प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का गंभीर उल्लंघन पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की।

सहायक आयुक्त डी. वी. पाटील, श्रीकांत करकळे तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी वी. रोडे और के. झाडे ने कार्रवाई को अंजाम दिया। ‘यल्ला यल्ला’ रेस्टोरेंट से लगभग 20 से 25 डिब्बे सिंथेटिक फूड कलर जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिए गए। इसके अलावा फफूंदी लगी सब्जियां, गंदी रसोई, जंग लगे बर्तन, कच्चे खाद्य पदार्थों का अनुचित भंडारण, शाकाहारी एवं मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखना तथा सुरक्षित पेयजल निःशुल्क उपलब्ध होने संबंधी अनिवार्य सूचना पट्ट भी नहीं पाया गया।

FDA ने कुछ दिन पहले ही शहर के 185 खाद्य व्यवसायियों की बैठक लेकर नए खाद्य सुरक्षा नियमों की जानकारी दी थी और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी। इसके बावजूद गंभीर अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने कार्रवाई की।

‘आईच्या गावात फेमस टेन’ रेस्टोरेंट में फफूंदी लगे प्याज, बासी पत्तेदार सब्जियां, फूड ग्रेड कंटेनरों के बजाय प्लास्टिक ड्रम में खाद्य सामग्री का भंडारण, मसालों और रंगों को खुले में रखना तथा कच्चे माल और कचरे को एक ही स्थान पर रखने जैसी कई गंभीर कमियां पाई गईं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि मेन्यू में ‘बटर नान’ और ‘बटर तंदूरी रोटी’ लिखे होने के बावजूद ग्राहकों को मक्खन के स्थान पर वेजिटेबल फैट स्प्रेड (खुला डालडा) परोसा जा रहा था।

सहायक आयुक्त श्रीकांत करकळे ने बताया कि नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी बिना किसी पूर्व सूचना के होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और क्लाउड किचन पर अचानक छापेमारी जारी रहेगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button