बारिश में कीचड़ से बेहाल देवलाई का नाईकनगर, सड़कें बदहाल; सुविधाएं नहीं मिलने पर आंदोलन की चेतावनी

औरंगाबाद | प्रतिनिधि
बारिश शुरू होते ही देवलाई क्षेत्र के नाईकनगर, गट क्रमांक 88 के रहवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कीचड़ और बदहाल आंतरिक सड़कों के कारण गैस सिलेंडर की गाड़ियां और पानी के टैंकर भी घरों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों को अपनी दोपहिया वाहन भी दूर खड़ी कर पैदल घर जाना पड़ रहा है।
देवलाई क्षेत्र में तेजी से बड़ी-बड़ी आवासीय इमारतें बन रही हैं, जिससे नगर निगम को अच्छा राजस्व मिल रहा है। इसके बावजूद इलाके में मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। मुख्य सड़कें तो बन गई हैं, लेकिन आंतरिक सड़कें अब भी अधूरी हैं। इसके चलते बरसात में लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
चारों ओर फैले कीचड़ के कारण बच्चों को स्कूल छोड़ना भी अभिभावकों के लिए चुनौती बन गया है। दोपहिया वाहन भी घर तक नहीं ले जाए जा सकते, जिससे लोगों को पीने के पानी के जार और अन्य जरूरी सामान सिर पर उठाकर ले जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कीचड़ के कारण कई विद्यार्थी समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते, जिससे उनकी उपस्थिति भी प्रभावित हो रही है।
रहवासियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम इस क्षेत्र से कर तो वसूलता है, लेकिन आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान नहीं देता। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो वे तीव्र आंदोलन करेंगे।
रिजनेबल पार्क के सामने दुर्घटना का खतरा
देवलाई चौक से देवलाई गांव तक मुख्य सड़क बनने से कुछ राहत मिली है, लेकिन कई स्थानों पर सड़क निर्माण अभी भी अधूरा है, जिससे एकतरफा यातायात चल रहा है। स्कूल की छुट्टी के समय यहां भारी जाम लग जाता है। रिजनेबल पार्क के सामने सड़क का काम अधूरा होने से बारिश में पानी भर जाता है और कीचड़ फैल जाता है। इसके कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है और कई बार वाहन फिसलने की घटनाएं भी सामने आती हैं।