Breaking NewsCrime NewsJalna

गैस गोदाम में सेंधमारी का पर्दाफाश, अंतरजिला सिलेंडर चोर गिरोह गिरफ्तार

जालना | कादरी हुसैन

जालना पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने गैस गोदामों में सेंध लगाकर सिलेंडर चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 लाख 66 हजार 920 रुपये मूल्य के 60 एच.पी. गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। जांच में जालना और परभणी जिले में हुई गैस सिलेंडर चोरी की दो वारदातों का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 29 जून 2026 को घनसावंगी तहसील के कुंभारपिंपलगांव स्थित एच.पी. गैस गोदाम का ताला तोड़कर अज्ञात चोर 60 गैस सिलेंडर चोरी कर फरार हो गए थे। इस मामले में गोपाल राधेश्याम लोया की शिकायत पर घनसावंगी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) एवं 324(2) के तहत अपराध क्रमांक 360/2026 दर्ज किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पाथरी (जिला परभणी) से राजेश लाला पवार (34) और गणेश प्रभु काळे (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कुंभारपिंपलगांव गैस गोदाम चोरी की वारदात स्वीकार करने के साथ ही 29 मार्च 2026 को परभणी जिले के खवणे पिंपरी स्थित इंडेन गैस गोदाम में सेंध लगाकर सिलेंडर चोरी करने की घटना भी कबूल की। इसके बाद आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए घनसावंगी पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 भरे हुए और 24 खाली सहित कुल 60 घरेलू एच.पी. गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1,66,920 रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी (अंबड) सिद्धेश्वर धुमाळ के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव, सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन खामगळ, पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र वाघ तथा उनकी टीम ने संयुक्त रूप से सफलतापूर्वक अंजाम दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button