जालना में अवैध पशु वधशाला पर महानगरपालिका की बड़ी कार्रवाई, तीन अवैध शेड किए ध्वस्त

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर महानगरपालिका प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण हटाओ अभियान को और तेज करते हुए गुरुवार को चंदनझिरा क्षेत्र के नेशनल नगर में अवैध रूप से संचालित पशु वध स्थल पर बड़ी कार्रवाई की। महानगरपालिका आयुक्त श्रीमती अंजली शर्मा के निर्देश पर अतिक्रमण विभाग ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि नेशनल नगर क्षेत्र में अवैध रूप से पशुओं का वध किया जा रहा है। सूचना के आधार पर अतिक्रमण विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पशु वध के लिए बनाए गए अवैध शेड को जेसीबी की मदद से हटाया।
कार्रवाई के दौरान कुल तीन अवैध शेड, पानी का हौद तथा पशुओं को बांधने के लिए बनाई गई अवैध दावण सहित अन्य अनधिकृत निर्माणों को भी पूरी तरह हटाया गया।
इस अभियान के लिए एक जेसीबी, एक ट्रैक्टर तथा महानगरपालिका का बड़ा अमला तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस प्रशासन का भी महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
यह कार्रवाई उपायुक्त त्र्यंबक कांबले तथा सहायक आयुक्त विजय फुलंब्रीकर की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस अवसर पर शोएब खान, शुभम जाधव, राहुल हिवाळे, मैथ्यू चॉको, फिरोज बेग, कादर खान, तुषार लोखंडे सहित महानगरपालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध अतिक्रमण और नियमों के विरुद्ध किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।