Breaking NewsMaharashtraMumbai

आज से महाराष्ट्र में फिर होगी झमाझम बारिश, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

मुंबई | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र में बारिश ने विराम ले लिया था। जुलाई की शुरुआत में हुई मूसलाधार बारिश के बाद राज्य के कई हिस्सों में गर्मी और उमस बढ़ गई थी। मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई समेत आसपास के इलाकों में तापमान बढ़ने से लोगों को भारी उमस का सामना करना पड़ रहा था। हालांकि, अब भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार आज से राज्य में बारिश की जोरदार वापसी होने जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, 15 जुलाई को कोंकण क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के साथ तेज़ हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। मुंबई, पालघर, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। उत्तर कोंकण में भी येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

पश्चिम महाराष्ट्र के पुणे शहर में बुधवार सुबह हल्की बारिश शुरू हो गई, जबकि सातारा, कोल्हापुर, सांगली और सोलापुर जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। घाट क्षेत्रों में तेज़ हवाओं के साथ बारिश का असर अधिक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 17 जुलाई से पुणे में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।

उत्तर महाराष्ट्र के नासिक जिले में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। धुले, नंदुरबार और जलगांव जिलों में तेज़ हवाएं, बिजली चमकने और मध्यम बारिश होने का अनुमान है। अहमदनगर जिले में हल्की बारिश की संभावना है।

मराठवाड़ा के औरंगाबाद और जालना जिलों में 15 से 16 जुलाई के दौरान बारिश का जोर बढ़ने की संभावना है। वहीं परभणी, बीड, लातूर, उस्मानाबाद, हिंगोली और नांदेड़ जिलों में तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

विदर्भ के नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर, गड़चिरोली, अकोला, अमरावती, बुलढाणा, वाशिम और यवतमाल जिलों में आज अधिकांश स्थानों पर मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 16 जुलाई से विदर्भ में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button