Breaking NewsNashik

नासिक के सावळाराम घाट में भीषण सड़क हादसा, दो ट्रक और कार की टक्कर में 4 की मौत

नाशिक | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

महाराष्ट्र के नासिक जिले के पेठ क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध सावळाराम घाट में बुधवार को दो ट्रकों और एक कार के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भयावह था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, घाट के एक खतरनाक मोड़ पर एक भारी ट्रक के ब्रेक अचानक फेल हो गए। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक आगे चल रहे वाहनों से जा टकराया। ढलान और तीखे मोड़ के कारण ट्रक की रफ्तार अधिक थी, जिससे उसे रोकना संभव नहीं हो सका।

हादसे में कार दो ट्रकों के बीच फंस गई और पूरी तरह दब गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंच गया। मृतकों और घायल की पहचान करने तथा उनके परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया जारी है।

इस हादसे के कारण सावळाराम घाट में दोनों ओर यातायात लंबे समय तक बाधित रहा। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई और यातायात बहाल करने का काम जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button