नवीन मंडी क्षेत्र के गोदाम से सोयाबीन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चंदनझिरा पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार; ₹2.05 लाख का माल बरामद

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर के नई मंडी स्थित भक्ति एक्सट्रैक्शन प्रा. लि. कंपनी के गोदाम का ताला तोड़कर सोयाबीन चोरी करने वाले गिरोह का चंदनझिरा पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी का ₹2 लाख 5 हजार मूल्य का मुद्देमाल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 की रात नई मंडी स्थित भक्ति एक्सट्रैक्शन प्रा. लि. कंपनी के गोदाम में चोरी की घटना हुई थी। कंपनी के प्रबंधक की शिकायत पर चंदनझिरा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।
जिला पुलिस अधीक्षक तेगबीर सिंह संधु के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक बालासाहेब पवार के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जालना शहर के शेख अब्दुल शेख हारून (निवासी हिंदनगर, नई मंडी), वैभव भास्कर लांडगे (निवासी कन्हैयानगर), किशोर किसन फुलवाडे (निवासी कन्हैयानगर) तथा एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय से चार दिन की पुलिस रिमांड प्राप्त की गई। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सोयाबीन बरामद किया गया।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने चोरी का कुछ सोयाबीन नई मंडी के व्यापारियों को बेच दिया था। इस आधार पर पुलिस ने अशरफ खान इस्माईल खान (निवासी खांडसरी, जालना) तथा गजानन बंडेराव सोनवणे (निवासी वडीवाडी, तहसील एवं जिला जालना) के पास से भी चोरी का सोयाबीन जब्त किया।
पुलिस ने कुल 21 क्विंटल 50 किलो सोयाबीन, जिसकी कीमत ₹1 लाख 14 हजार है, बरामद किया। इसके अलावा चोरी की वारदात में प्रयुक्त ₹90 हजार मूल्य की एक ऑटो रिक्शा भी जब्त की गई। इस प्रकार कुल ₹2 लाख 5 हजार का मुद्देमाल बरामद किया गया है।
पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में नई मंडी क्षेत्र में हुई अन्य अनाज चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। मामले की आगे की जांच हेड कॉन्स्टेबल संदीप उगले कर रहे हैं।
यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक तेगबीर सिंह संधु, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक बालासाहेब पवार, उपनिरीक्षक दिगंबर पवार, हेड कॉन्स्टेबल कृष्णा तंगे, समाधान उगले, विशाल लोखंडे, अभिजीत वायकोस, सागर खैरे, गजानन काकडे, चालक सुभाष नागरे तथा स्थानीय अपराध शाखा के हेड कॉन्स्टेबल सागर बावस्कर ने संयुक्त रूप से अंजाम दी।