औरंगाबाद में 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण की कोशिश नाकाम, 180 CCTV फुटेज खंगालकर आरोपी गिरफ्तार

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
शहर में 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण और उसके साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लगातार पांच दिनों तक 180 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी अब्दुल करीम महबूब शेख (34), निवासी रहमानिया कॉलोनी, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, बच्ची शाहगंज सब्जी मंडी क्षेत्र में नाश्ता लेने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान आरोपी ने खुद को उसके चाचा का मित्र बताकर विश्वास में लिया और चोरी की गई ऑटो रिक्शा में बैठाकर उसे जिलाधिकारी कार्यालय के पास सुनसान इलाके में ले जाने का प्रयास किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने घटना से करीब पांच घंटे पहले नशा किया था। नशे की हालत में उसने शाहगंज क्षेत्र में घूमने के बाद शाम करीब 6:30 बजे नगर निगम मुख्यालय के सामने से एक ऑटो रिक्शा चोरी की और उसी रिक्शा से रात करीब 9 बजे बच्ची का अपहरण करने की कोशिश की।
रास्ते में आरोपी की रिक्शा अचानक एक नाले में फंस गई। घबराई बच्ची जोर-जोर से रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय युवक मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी बच्ची और रिक्शा वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार और पुलिस उपायुक्त शांतनु शर्मा के निर्देश पर अपराध शाखा की टीम ने पांच दिनों तक दिन-रात जांच की। 180 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी जांच के बाद 27 जुलाई को मंजूरपुरा क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से मारपीट का मामला दर्ज है और पत्नी से विवाद के बाद उसका तलाक हो चुका है। पुलिस ने बताया कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का प्रयास किया जाएगा ताकि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।
