औरंगाबाद में अभिजीत दीपके के घर पहुंचे मंत्री संजय शिरसाट, परिवार से मुलाकात कर सुरक्षा का दिया भरोसा

औरंगाबाद | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के अध्यक्ष अभिजीत दीपके के औरंगाबाद स्थित निवास पर महाराष्ट्र सरकार के मंत्री संजय शिरसाट पहुंचे। उन्होंने अभिजीत दीपके के माता-पिता से मुलाकात कर लंबी चर्चा की और अभिजीत की सराहना करते हुए उन्हें तथा उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
बताया जा रहा है कि अभिजीत दीपके के नेतृत्व में ‘जेन ज़ी’ युवाओं द्वारा चलाए गए आंदोलन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। इस घटनाक्रम के बाद मंत्री संजय शिरसाट ने सीधे दीपके के घर जाकर परिवार से मुलाकात की।
इस दौरान संजय शिरसाट ने कहा कि वह पहले भी अभिजीत के परिवार से मिलना चाहते थे, लेकिन यदि वह आंदोलन के दौरान जाते तो मामले को राजनीतिक रंग मिल सकता था और आंदोलन की दिशा बदल सकती थी। इसलिए उन्होंने उस समय मुलाकात नहीं की।
उन्होंने कहा कि अब अभिजीत को बड़ी सफलता मिली है और वह उनके विधानसभा क्षेत्र का युवा है। ऐसे में अपने क्षेत्र के एक युवा की उपलब्धि पर उसके साथ खड़ा रहना एक जनप्रतिनिधि के रूप में उनका कर्तव्य है।
