अंबड पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 08 बाइक चोरी के मामलों का खुलासा, ₹5.15 लाख का चोरी का माल बरामद

अंबड | जावेद डावरगावकर
अंबड शहर में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। अंबड पुलिस ने 08 बाइक चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए 09 चोरी की मोटरसाइकिलें, एक नैनो कार और मोटरसाइकिलों के स्पेयर पार्ट्स सहित कुल ₹5.15 लाख मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। इस मामले में 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सार्वजनिक स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। जैसे ही वाहन मालिक वहां से हटता, आरोपी कुछ ही मिनटों में बाइक चोरी कर फरार हो जाते थे। बाद में चोरी की गई मोटरसाइकिलों को सुनसान स्थान पर ले जाकर उनके इंजन, मैग व्हील, पेट्रोल टैंक और अन्य पुर्जे अलग कर अलग-अलग लोगों को बेच दिए जाते थे।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मदीना चौक निवासी इरफान शेख अल्ताफ शेख को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि लखन दिलीप खुले (मूल निवासी छत्रपति संभाजीनगर, वर्तमान निवासी चांगले नगर, अंबड) और सुशील उर्फ माइकल अंकुश खुले चोरी की मोटरसाइकिलें उसके पास लाते थे। इसके बाद इरफान अपने साथियों समीर सलीम सैय्यद और अज्जू सलीम सैय्यद (दोनों निवासी अंबड) के साथ मिलकर वाहनों के स्पेयर पार्ट्स निकालकर बेचता था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य साथियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदातों और स्पेयर पार्ट्स बेचने की बात स्वीकार कर ली।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 09 मोटरसाइकिलें, एक नैनो कार, इंजन, मैग व्हील, पेट्रोल टैंक तथा अन्य स्पेयर पार्ट्स सहित कुल ₹5,15,000 का माल बरामद किया। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में वाहन चोरी के अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेघबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी डॉ. सिद्धेश्वर धुमाल के मार्गदर्शन में अंबड पुलिस थाना के पुलिस निरीक्षक संतोष घोडके के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक भगवान नरोडे एवं उनकी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दी।
