Breaking NewsJalna

उपवर्गीकरण के विरोध में 30 जुलाई को बदनापुर में निकलेगा विशाल संघर्ष मोर्चा, 4 से 5 हजार लोगों के शामिल होने का दावा

जालना | कादरी हुसैन

अनुसूचित जातियों के आरक्षण में किए गए उपवर्गीकरण को रद्द करने तथा विभिन्न मांगों को लेकर समस्त आंबेडकरी समाज एवं अनुसूचित जाति समूह, बदनापुर तालुका की ओर से 30 जुलाई 2026 को बदनापुर में विशाल एवं शांतिपूर्ण उपवर्गीकरण विरोधी संघर्ष मोर्चा आयोजित किया गया है। आयोजकों के अनुसार मोर्चे में लगभग 4 से 5 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों ने बताया कि मोर्चा सुबह 10:30 बजे डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक, हाईवे रोड, बदनापुर से प्रारंभ होकर तहसील कार्यालय पहुंचेगा। इसके बाद महाराष्ट्र शासन के नाम तहसीलदार को विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा।

मोर्चे के माध्यम से अनुसूचित जातियों के आरक्षण में किए गए उपवर्गीकरण को तत्काल रद्द करने, अनुसूचित जाति समाज को 20 प्रतिशत आरक्षण लागू करने, उपवर्गीकरण के लिए गठित बदर न्यायमूर्ति समिति की रिपोर्ट को निरस्त करने तथा आरक्षण की 100 प्रतिशत प्रभावी अमलबजावणी सुनिश्चित करते हुए सभी रिक्त आरक्षित पदों को तत्काल भरने की मांग की जाएगी।

आयोजकों का कहना है कि यह आंदोलन अनुसूचित जाति समाज के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय की स्थापना तथा आरक्षण व्यवस्था के मूल स्वरूप को बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

समस्त आंबेडकरी समाज एवं अनुसूचित जाति समूह, बदनापुर तालुका ने बदनापुर सहित आसपास के क्षेत्रों के आंबेडकरी अनुयायियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस लोकतांत्रिक आंदोलन में सहभागी बनने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button