Breaking NewsCrime NewsPune

मामूली विवाद बना खूनी संघर्ष, चाकू और पत्थर से हमला; दो मजदूरों की आपस में लड़ते हुए मौत

पुणे | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

पुणे जिले के खेड़ तालुका स्थित शिंदेगांव में एक लेबर कैंप में दो मजदूरों के बीच मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। गुस्से में दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू और पत्थर की पटिया से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। इस दोहरे हत्याकांड से चाकण औद्योगिक क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:45 बजे शिंदेगांव स्थित निप्पॉन सान्सो कंपनी के सामने बने लेबर कैंप में हुई। मृतकों की पहचान 37 वर्षीय चिरंजीत बसूमातो और 44 वर्षीय अमरुष उराव के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर किसी मामूली बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में दोनों ने एक-दूसरे पर हमला करना शुरू कर दिया। एक ने चाकू उठाया, जबकि दूसरे ने पत्थर की पटिया से लगातार वार किए। कैंप में मौजूद अन्य मजदूर कुछ समझ पाते, उससे पहले दोनों एक-दूसरे को गंभीर रूप से घायल कर चुके थे।

खून से लथपथ हालत में दोनों मजदूर मौके पर ही गिर पड़े। उन्हें तत्काल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चिरंजीत बसूमातो को चाकण ग्रामीण अस्पताल और अमरुष उराव को पुणे के ससून अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के कारण उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस मामले में महालुंगे एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में देर रात मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button