Breaking NewsCrime NewsNagpur

नागपुर में 17 वर्षीय महिला क्रिकेटर ने की आत्महत्या, टीम में चयन न होने से थी परेशान

नागपुर | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

महाराष्ट्र के नागपुर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। 17 वर्षीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाल ही में हुई टीम चयन प्रक्रिया में नाम न आने के कारण वह मानसिक तनाव में थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतका की पहचान अदिति चौकांडे (17) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अकोला की रहने वाली थी। पिछले दो वर्षों से वह अपनी मां के साथ नागपुर के लक्ष्मी नगर स्थित उमालक्ष्मी अपार्टमेंट में रह रही थी। बचपन से ही उसे क्रिकेट का गहरा शौक था और वह एक सफल क्रिकेटर बनने का सपना देख रही थी।

बताया गया है कि अदिति एक क्रिकेट अकादमी में नियमित रूप से कड़ा अभ्यास कर रही थी। उसका लक्ष्य बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलना था, लेकिन हाल ही में हुई विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन (VCA) की टीम चयन प्रक्रिया में उसका चयन नहीं हो सका। इसके बाद से वह काफी मानसिक तनाव में थी।

घटना की सूचना मिलते ही बजाज नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस को एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा था कि “मेरा चयन नहीं हुआ।”

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

यदि आप या आपका कोई परिचित भावनात्मक तनाव, निराशा या आत्महत्या जैसे विचारों से जूझ रहा है, तो कृपया परिवार, मित्रों या किसी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से तुरंत सहायता लें। समय पर मिली मदद जीवन बचा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button