Breaking NewsCrime NewsNagpur

नागपुर में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत, कर्ज और बैंक की नोटिस से टूटे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

नागपुर | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के सावनेर तहसील के मालेगांव टाउन क्षेत्र में दो सगे भाइयों के क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी थी कि मामला आत्महत्या का है या किसी साजिश का। अब प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भारी कर्ज और बैंक की घर जब्ती नोटिस के कारण दोनों भाइयों ने कथित तौर पर यह कदम उठाया।

मृतकों की पहचान निरंजन फिरके (40) और योगेश फिरके (37) के रूप में हुई है। दोनों भाई गुरुवार सुबह घर से यह कहकर निकले थे कि वे खेत जा रहे हैं, लेकिन कुछ ही घंटों बाद मालेगांव टाउन के रेलवे ट्रैक पर उनके क्षत-विक्षत शव बरामद हुए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों के शव कई टुकड़ों में बंट गए थे।

सूचना मिलते ही सावनेर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर शवों के अवशेष एकत्र किए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। मामले की जांच जारी है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों ने बेकरी व्यवसाय के लिए बैंक से बड़ा ऋण लिया था। लगातार व्यापार में नुकसान होने के कारण वे ऋण की किस्तें नहीं चुका सके। इसी बीच बैंक की ओर से मकान जब्ती की नोटिस जारी की गई थी। बताया जा रहा है कि आर्थिक संकट और घर खोने की आशंका के चलते दोनों भाई लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले दोनों भाइयों ने अपनी पत्नियों और बच्चों को उनके मायके छोड़ दिया था। इसके बाद गुरुवार सुबह घर से निकलकर उन्होंने कथित तौर पर चलती मालगाड़ी के सामने छलांग लगा दी।

इस दर्दनाक घटना से फिरके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे सावनेर क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button