सिडको बसस्थानक की गंदगी पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की अधिकारियों को फटकार

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था आम यात्रियों के दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में एसटी बसस्थानकों पर यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह स्पष्ट चेतावनी महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री तथा महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने दी।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री प्रताप सरनाईक ने औरंगाबाद शहर के सिडको बसस्थानक का दौरा कर वहां उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया। सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण करने के दौरान उन्हें वहां गंदगी, अपर्याप्त रखरखाव और कर्मचारियों की कमी दिखाई दी। इस संबंध में यात्रियों की ओर से भी शिकायतें मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
बसस्थानक की सफाई के लिए बाहरी संस्थाओं की नियुक्ति किए जाने के बावजूद निर्धारित मानकों के अनुसार उनसे काम करवाना और नियमित रूप से निगरानी रखना स्थानीय अधिकारियों तथा प्रशासन की जिम्मेदारी है। इस मूलभूत जिम्मेदारी की अनदेखी पर मंत्री सरनाईक ने नाराजगी जताई।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बाहरी संस्था को सफाई का काम सौंप देने मात्र से अधिकारियों की जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती। यात्रियों को वास्तव में स्वच्छता और आवश्यक सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं, इसकी नियमित जांच करना स्थानीय प्रशासन का दायित्व है। यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं के प्रति किसी भी तरह की उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी।
मंत्री ने सफाई के लिए नियुक्त संस्था से निर्धारित तरीके से काम नहीं करवाने और निगरानी में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसटी के प्रत्येक बसस्थानक पर यात्रियों के लिए स्वच्छ शौचालय, पीने का पानी, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के आदेश भी दिए।
प्रवाशियों से सीधे संवाद कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रताप सरनाईक ने बसस्थानक पर मौजूद यात्रियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने यात्रियों की परेशानियां, शिकायतें और अपेक्षाएं जानीं तथा संबंधित अधिकारियों से इन समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। यात्रियों द्वारा बताई गई समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
विभाग नियंत्रक और आगार प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस
बसस्थानक के शौचालय में गंदगी, काम में लापरवाही और यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में बरती गई उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए विभाग नियंत्रक और संबंधित आगार प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन मंत्री तथा एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने एसटी महामंडल के उपाध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक को निर्देश दिया है कि इस मामले में संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जाए और अगले सात दिनों के भीतर इस संबंध में तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
‘लालपरी’ महाराष्ट्र के जनजीवन का अभिन्न हिस्सा
मंत्री सरनाईक ने कहा कि यात्रियों की सेवा में लगी एसटी की ‘लालपरी’ केवल परिवहन का साधन नहीं है, बल्कि यह महाराष्ट्र के जनजीवन का अभिन्न हिस्सा है। इसलिए एसटी के प्रत्येक बसस्थानक पर यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण मिलना जरूरी है।
उन्होंने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि केवल कागजी कार्रवाई करने के बजाय अधिकारी वास्तविक स्थिति का जायजा लें और मैदान में उतरकर काम करें। सिडको बसस्थानक के निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसटी प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया कि यात्रियों की सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, जिम्मेदारी तय की जाए और सुधार के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
