बाजार पुलिस चौक से मिलन चौक और मिलन चौक से मुजाहिद चौक परिसर में अतिक्रमण पर कार्रवाई

जालना | कादरी हुसैन
जालना शहर महानगरपालिका प्रशासन की ओर से अनधिकृत अतिक्रमण हटाने की मुहिम को लगातार गति दी जा रही है। महानगरपालिका आयुक्त श्रीमती अंजली शर्मा के निर्देशानुसार शहर के सार्वजनिक रास्तों, फुटपाथों तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से महानगरपालिका के अतिक्रमण विभाग द्वारा आज दिनांक 17 अगस्त 2026 को बाजार चौक से मिलन चौक तथा मिलन चौक से मुजाहिद चौक मार्ग पर विशेष कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई के दौरान कुल 12 अतिक्रमण और 5 टपरियां पाई गईं। इनमें से 3 टपरियों के संचालकों पर नियमानुसार प्रत्येक स्थान के लिए 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि 2 टपरियों को जब्त किया गया।
इस कार्रवाई के चलते परिसर के रास्तों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त किया गया, जिससे नागरिकों की आवाजाही तथा यातायात सुचारू होने में मदद मिली है।
महानगरपालिका प्रशासन की ओर से नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की गई है कि सार्वजनिक रास्तों, फुटपाथों तथा सरकारी जमीन पर अनधिकृत रूप से अतिक्रमण न करें। साथ ही अनधिकृत टपरियां अथवा हाथगाड़ियां लगाकर यातायात में बाधा उत्पन्न न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार जुर्माने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त श्री विजय फुलंब्रीकर की उपस्थिति में की गई। इस दौरान अतिक्रमण विभाग प्रमुख श्री शोएब खान, स्वच्छता विभाग प्रमुख श्री सुधीर डहाळे, अतिक्रमण विभाग के अन्य कर्मचारी तथा महानगरपालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
महानगरपालिका प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिन स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, वहां दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अतिक्रमण हटाने में हुए खर्च की वसूली भी संबंधित अतिक्रमणधारकों से की जाएगी।
महानगरपालिका प्रशासन ने बताया कि जालना शहर के सभी प्रमुख मार्गों से अनधिकृत अतिक्रमण हटाने की मुहिम आगे भी लगातार और प्रभावी रूप से जारी रहेगी।