Breaking NewsCrime NewsKannad

कन्नड़ में घरफोड़ चोरी का खुलासा, तीन आरोपी हिरासत में

कन्नड़ | अशरफ़ अली 

शहर पुलिस ने घर में सेंधमारी और चोरी के एक मामले का मामला दर्ज होने के महज चार घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के पास से चोरी की रकम में से ₹30,500 नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल सहित कुल ₹60,500 का मुद्देमाल जब्त किया गया है।

पुलिस थाना कन्नड़ शहर में अपराध क्रमांक 230/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के अंतर्गत घरफोड़ चोरी का मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की रात अज्ञात आरोपियों ने शिकायतकर्ता के घर की छत की खपरैल तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखी ₹50,000 की नकद राशि चोरी कर ली थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और गोपनीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की तलाश की और तीन लोगों को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अरबाज उर्फ काल्या फेरोज शाह (21), तौफिक उर्फ दौल्या आरिफ पठान (23) और नौशाद जाकीर शेख (26), निवासी टिकळक नगर, कन्नड़, जिला छत्रपति संभाजीनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गई रकम में से ₹30,500 नकद तथा वारदात में इस्तेमाल की गई ₹30,000 कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों की दो दिन की पुलिस हिरासत (PCR) प्राप्त हुई है।

जांच में आरोपियों की इस वारदात में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। उनके आपराधिक पूर्व इतिहास और इसी तरह के अन्य अपराधों में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है। चोरी की शेष रकम बरामद करने के लिए भी पुलिस प्रयास कर रही है।

यह कार्रवाई सहायक पुलिस अधीक्षक, कन्नड़ उपविभाग तथा प्रभारी DySP श्रीमती आरती पवार के मार्गदर्शन में API सतीश दिंडे, ASI नासेर पठान, ASI गणेश जैन और पुलिस कॉन्स्टेबल सतीश नरवडे ने की।

मामले की आगे की जांच ASI पठान, पुलिस थाना कन्नड़ शहर द्वारा की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button