BiharBreaking NewsReligion/HistorySports–Education–Health

अब पटना में छात्रों का हल्ला बोल, TRE-4 समेत कई भर्तियों को लेकर अनिश्चितकालीन महाधरना

बिहार | खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

पटना : दिल्ली के जंतर-मंतर और रांची में छात्र आंदोलनों के बाद अब छात्रों का आंदोलन बिहार तक पहुंच गया है। बिहार की राजधानी पटना में छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं। बिहार स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष एवं छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में गर्दनीबाग धरना स्थल पर सोमवार से अनिश्चितकालीन महाधरना शुरू होगा। छात्र नेताओं ने आमरण अनशन पर बैठने की भी घोषणा की है।

छात्र नेताओं का कहना है कि उनकी मांगों पर सरकार की ओर से लगातार आश्वासन दिए जाते रहे हैं, लेकिन कई महत्वपूर्ण भर्ती प्रक्रियाएं और प्रतियोगी परीक्षाएं अब भी लंबित हैं। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी गई है।

TRE-4 का विज्ञापन जारी करने की मांग

छात्रों की प्रमुख मांगों में शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का विज्ञापन जल्द जारी करना शामिल है। छात्र नेता दिलीप कुमार का आरोप है कि सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से लंबे समय से विज्ञापन जारी करने को लेकर आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। लगातार हो रही देरी के कारण अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ रही है।

इसके अलावा BSSC परीक्षा की तारीख घोषित करने, लाइब्रेरियन की बहाली शुरू करने, BET, दारोगा, सिपाही समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं और लंबित भर्तियों की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की मांग की जा रही है। अभ्यर्थियों ने भर्ती एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई है।

TRE-4 को लेकर क्या है छात्रों की मांग?

छात्र नेता दिलीप कुमार के मुताबिक TRE-4 की परीक्षा लंबे समय से लंबित है। उनकी मांग है कि TRE-4 के लिए एक ही परीक्षा आयोजित की जाए। यदि सरकार दो परीक्षाएं कराने का निर्णय लेती है तो इसकी शुरुआत TRE-5 से की जाए और परीक्षा से पहले उसका सिलेबस जारी किया जाए।

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

छात्र नेता दिलीप कुमार ने बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के इस्तीफे की मांग भी उठाई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि TRE-4 का विज्ञापन जल्द जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

छात्रों से 18 अगस्त को सुबह 10:30 बजे गर्दनीबाग धरना स्थल पहुंचने की अपील की गई है। आंदोलन के दौरान छात्रों की अन्य लंबित मांगों को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने क्या कहा?

छात्र आंदोलन को लेकर बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि TRE-4 को लेकर जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने का सरकार प्रयास कर रही है।

संजय सरावगी ने कहा कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार ने पोर्टल समेत कई व्यवस्थाएं शुरू की हैं। उन्होंने झारखंड में हुए छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए वहां उठाए जा रहे सवालों की जांच किए जाने की बात भी कही।

अब निगाहें पटना के गर्दनीबाग पर हैं, जहां छात्र अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने जा रहे हैं। सरकार छात्रों की मांगों पर क्या कदम उठाती है और आंदोलन आगे किस दिशा में जाता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button