वैजापुर में कचोरियों में मिली चूहे की विष्ठा, दो कचोरी खा चुके थे बच्चे; खाद्य विभाग पर उठे सवाल

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा
नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का एक बेहद घिनौना और चिंताजनक मामला वैजापुर शहर में सामने आया है। एक नामी मिठाई की दुकान से खरीदी गई कचोरियों में कथित तौर पर चूहे की विष्ठा मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। सबसे गंभीर बात यह है कि मामला सामने आने से पहले घर के छोटे बच्चों ने दो कचोरियां खा ली थीं। ग्राहक ने इस संबंध में गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, वैजापुर शहर के एक कचोरी सेंटर से एक ग्राहक ने पांच कचोरियां खरीदकर घर ले गया था। घर पहुंचने के बाद जब खाने के लिए एक कचोरी को खोला गया, तो उसमें चूहे की विष्ठा दिखाई देने का आरोप है। इसके बाद ग्राहक ने बाकी कचोरियों की भी जांच की, तो कथित तौर पर पांचों कचोरियों में चूहे की विष्ठा पाए जाने का दावा किया गया।
ग्राहक के अनुसार, इस मामले की जानकारी होने से पहले ही घर के छोटे बच्चों ने दो कचोरियां खा ली थीं। दूषित खाद्य पदार्थ खाने से बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर परिवार में चिंता और घबराहट का माहौल बन गया है।
घटना के बाद नागरिकों में संबंधित दुकान के स्वच्छता प्रबंध और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि खाद्य पदार्थों की बिक्री में इस तरह की लापरवाही ग्राहकों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।
नागरिकों ने वैजापुर के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) विभाग से मामले की तत्काल जांच करने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित मिठाई विक्रेता तथा संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।