AurangabadBreaking News

औरंगाबाद में स्कूल से घर लौट रही दो बहनों को हाइवा डंपर ने कुचला, 7 वर्षीय बच्ची की मौत

औरंगाबाद • खासदार टाईम्स वृत्तसेवा 

स्कूल से छुट्टी के बाद खुशी-खुशी घर लौट रहीं दो बहनों पर मंगलवार को दर्दनाक हादसे ने कहर बरपा दिया। स्कूल बस से उतरकर घर जाने के लिए सड़क पार कर रही दोनों बहनों को तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा डंपर ने टक्कर मारकर कुचल दिया। इस भीषण हादसे में 7 वर्षीय आरुषी कृष्णा तिवारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी 16 वर्षीय बड़ी बहन नंदिनी तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा मंगलवार (25 अगस्त) को दोपहर करीब 4 बजे विटावा से एकलहेरा मार्ग पर गट क्रमांक 27 के पास हुआ।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज निवासी कृष्णा तिवारी रोजगार के सिलसिले में अपने परिवार के साथ वाळूज औद्योगिक क्षेत्र के पास एकलहेरा में रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी, चार बेटियां और एक छोटा बेटा है।

मंगलवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद आरुषी और उसकी बड़ी बहन नंदिनी स्कूल बस से घर लौटीं। एकलहेरा क्षेत्र में घर के सामने बस रुकने के बाद दोनों बहनें सुरक्षित बस से उतरीं। इसके बाद जैसे ही वे बस के पीछे से सड़क पार कर रही थीं, सामने से तेज रफ्तार में आए हाइवा डंपर ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद मौके पर मचा हड़कंप

हाइवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि आरुषी डंपर के पहिए के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का भयावह दृश्य देखकर आसपास के नागरिक घटनास्थल पर दौड़े। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और नागरिकों ने कुछ समय के लिए संबंधित हाइवा को रोक लिया और औद्योगिक क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जताई।

हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों की मदद से दोनों बहनों को तत्काल निजी वाहन से औरंगाबाद स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (घाटी) ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद आरुषी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल नंदिनी का घाटी अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।

रोजगार के लिए दूसरे राज्य से आए गरीब तिवारी परिवार की महज 7 वर्षीय बच्ची की इस तरह अचानक और दर्दनाक मौत से एकलहेरा और वाळूज क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button