उर्स के लिए निकले जालना के दो युवकों की औरंगाबाद में दर्दनाक मौत, एक गंभीर

जालना | कादरी हुसैन
जालना से खुलताबाद के उर्स के लिए निकले तीन युवकों की मोटरसाइकिल बुधवार सुबह औरंगाबाद के क्रांति चौक क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही जालना के पुराना जालना और मालीपुरा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पुराना जालना निवासी शेख परवेज शेख अफसर (17), समीर शाकेर शाह (22) और अरशद शाह (17) तीनों युवक मोटरसाइकिल से खुलताबाद में आयोजित उर्स के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह करीब उनकी मोटरसाइकिल औरंगाबाद के क्रांति चौक क्षेत्र में भीषण हादसे का शिकार हो गई।
हादसे में शेख परवेज शेख अफसर और समीर शाकेर शाह की मौत हो गई, जबकि अरशद शाह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अरशद का औरंगाबाद में उपचार जारी है।
दोनों मृत युवकों के शवों का औरंगाबाद में पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे, जिसके बाद उन्हें जालना लाया जाएगा।
उर्स में शामिल होने के लिए खुशी-खुशी घर से निकले दो युवकों की सड़क हादसे में मौत की खबर से परिवारों में कोहराम मच गया है। पुराना जालना और मालीपुरा क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
